1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. सासाराम में छात्र-युवा संगठनों का विरोध मार्च, सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे प्रदर्शनकारी

सासाराम में छात्र-युवा संगठनों का विरोध मार्च, सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे प्रदर्शनकारी

सासाराम में विभिन्न छात्र और युवा संगठनों ने सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से पुलिस द्वारा हटाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को भी उठाते हुए सरकार के खिलाफ विरोध मार्च निकाला।

By: Nivedita 
Updated:
सासाराम में छात्र-युवा संगठनों का विरोध मार्च, सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे प्रदर्शनकारी

सासाराम । बिहार के सासाराम में विभिन्न वामपंथी छात्र एवं युवा संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अनशन स्थल से पुलिस द्वारा अस्पताल ले जाने की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान शहर में विरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

शहर की सड़कों पर निकाला गया विरोध मार्च

आईसा (AISA), एआईवाईए (AIYA) तथा अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से सासाराम की विभिन्न सड़कों से मार्च निकाला। यह मार्च पोस्ट ऑफिस चौराहा पहुंचकर सभा में तब्दील हुआ, जहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों और विरोध को लेकर आवाज बुलंद की।

 

‘छात्र-युवा आक्रोश दिवस’ के रूप में किया प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों ने इस विरोध कार्यक्रम को ‘छात्र-युवा आक्रोश दिवस’ के रूप में आयोजित किया। उनका कहना था कि देश में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

सोनम वांगचुक के समर्थन में उठाई आवाज

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा जबरन अस्पताल ले जाने की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है। उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकार से लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने की मांग की।

 

रिपोर्ट – अविनाश श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...