विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही पर्यावरण और जल संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं उल्लेखनीय कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न प्रयासों की सराहना की।

समारोह में सर्कुलर इकोनॉमी से संबंधित पांच कोर्स मॉड्यूल का विमोचन किया गया। इसके अलावा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 16 जिलों की 500 बावड़ियों के प्रलेखन दस्तावेज भी जारी किए गए। इन पहलों का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देना है।
राज्य स्तरीय समारोह में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली औद्योगिक इकाइयों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और व्यक्तियों को वार्षिक पर्यावरण पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने वाली विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही हरित और सतत भविष्य का निर्माण संभव है।