1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. आरा सदर अस्पताल में आईसीयू का उद्घाटन, गंभीर मरीजों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

आरा सदर अस्पताल में आईसीयू का उद्घाटन, गंभीर मरीजों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

आरा सदर अस्पताल में नए आईसीयू का उद्घाटन भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और जिला परिषद अध्यक्ष आशा देवी ने किया। आईसीयू शुरू होने से गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिलेगी। उद्घाटन के बाद डीएम ने अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत की और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

By: Nivedita 
Updated:
आरा सदर अस्पताल में आईसीयू का उद्घाटन, गंभीर मरीजों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

बिहार के भोजपुर जिले के आरा सदर अस्पताल में नए आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) का उद्घाटन किया गया। भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और जिला परिषद अध्यक्ष आशा देवी ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत हुआ उद्घाटन

जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसी क्रम में आरा सदर अस्पताल के आईसीयू का भी शुभारंभ हुआ। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

गंभीर मरीजों को मिलेगा आधुनिक उपचार

भोजपुर के सिविल सर्जन डॉ. शिवेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि नए आईसीयू के शुरू होने से गंभीर मरीजों को जिले में ही बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि इसी दिन राज्य के अन्य जिला और प्रमंडलीय अस्पतालों में भी विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का उद्घाटन किया गया।

 

डीएम ने अस्पताल का किया निरीक्षण

उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का जायजा लिया, मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को चिकित्सा सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अरुण प्रकाश, अस्पताल प्रभारी अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक शशि सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...