ग्वालियरः थाटीपुर थाना क्षेत्र में परशुराम चौराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां बोलेरो और ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक ही परिवार के थे, जो शीतला माता के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। हादसे के समय ऑटो में चालक सहित कुल 9 लोग सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
इस हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें 1 महिला, 1 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्वालियर से संवाददाता अरविंद सिंह पवैया की रिपोर्ट