1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नए फोन के लिए दादी ने नहीं दिए पैसे, तो पोते ने बेरहमी से कर दिया दादी का कत्ल

नए फोन के लिए दादी ने नहीं दिए पैसे, तो पोते ने बेरहमी से कर दिया दादी का कत्ल

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
नए फोन के लिए दादी ने नहीं दिए पैसे, तो पोते ने बेरहमी से कर दिया दादी का कत्ल

रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी

अलीगढ़ : आजकल बच्चे नई-नई जिद्द करने लगते हैं और कई बार उनकी जिद्द पूरी न होने पर वो बड़ा कदम उठा लेते हैं । ऐसा ही एक चौंका देने वाला मामला उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से सामने आया है । जहां एक पोते ने दादी से नए फोन के लिए पैसे मांगे । दादी ने जब पैसे देने से इंकार किया तो पोते ने दादी को मौत के घाट उतार दिया । पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है ।

बताया जा रहा है कि यह घटना 2 अप्रैल को हुई थी, लेकिन इस बात की सूचना देर से पुलिस को दी गई । दरअसल, आरोपी सचिन ने सभी को बताया था कि उसकी दादी मुन्नी देवी की मौत हृदय गति रुकने से हुई थी । जिसके बाद अगले दिन महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया । हालांकि, लड़के के चाचा ने अपनी मां की मौत को संदिग्ध बताया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई ।

जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की । जिसमें इस बात का खुलासा हुआ कि पोते ने ही अपनी दादी की हत्या की है । इस हत्या में उसके दो दोस्त जैकी और हनी भी शामिल हैं । पुलिस ने आरोपी से जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने बताया कि सचिन एक एंड्रॉयड फोन खरीदना चाहता था । जिसके लिए उसकी दादी पैसे देने के लिए मना कर रही थीं, फिर उसने अपनी दादी को समझाने की बहुत कोशिश की । इस बात पर दादी गुस्सा हो गईं । इसके बाद सचिन और दादी के बीच काफी बहस हुई । जिसके बाद सचिन ने गुस्से में आकर अपनी दादी को गला दबाकर मार डाला ।

अतरौली स्टेशन हाउस ऑफिसर संजय जायसवाल ने इस संबंध में जानकारी दी । उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है ।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...