रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
पंजाब : दुनिया कहां से कहां पहुंच गयी है । लड़कियां आगे बढ़कर लड़कों से भी ज्यादा अपने मां-बाप का नाम रोशन कर रही है । लेकिन आज भी कई ऐसी जगहें हैं, जहां बेटों को बेटिंयों से बढ़कर माना जाता है । इतना ही नहीं, वो बेटे की चाहत में कुछ भी कर गुजरने को तैयार होते हैं । लेकिन हैरानी तो तब होती है, जब अपने कोख से जन्म देने वाली मां ही अपनी बच्ची की कातिल बन गयी । ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला पंजाब से सामने आया है । जहां एक मां ने मां की ममता को शर्मसार करने वाली वारदात को अंजाम दिया है ।

मामला पंजाब के फरीदकोट के कलेर गांव का है । जहां शुक्रवार सुबह एक मजदूर परिवार ने हंगामा किया कि उनकी सवा माह की बेटी घर से गायब है। जिसके बाद आस पास के लोगों ने तलाश की, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला । इस बीच ग्रामीणों को परिवार पर ही शक हुआ । तो उन्होंने बच्ची की मां से पूछताछ की । जिसमें आरोपी मां ने कबूला कि उसी ने बच्ची को मार डाला ।

जिसके बाद फ्लश के स्लैब को उखाड़ कर देखा तो बच्ची उसके अंदर थी। उसे सरिए की मदद से निकाला गया, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना पुलिस को दी गयी । पुलिस ने मृतक बच्ची के पिता के बयान पर उसकी मां के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है । बताया जा रहा है कि आरोपी के पहले से दो लड़कियां औऱ एक लड़का था । महिला दोबारा एक लड़का चाहती थी । हालांकि, सवा महीने पहले उसने एक बच्ची को जन्म दिया । फिर क्या था महिला ने बच्ची को मौत के घाट उतारने का फैसला किया ।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला और उसका परिवार करीब 7 महीने से इसी भट्ठे पर काम कर रहा था। यह परिवार मूल रूप से यूपी के बांदा जिले का रहने वाला है।
डीएसपी सतविंदर सिंह विर्क ने घटना को लेकर बताया कि बच्ची की माता ने इस घटना को अंजाम दिया है, क्योंकि उसकी पहले ही दो बेटियां और एक बेटा था। अब वह लड़के की उम्मीद में थी । लेकिन लड़की होने से निराश हो गई थी। महिला के खिलाफ धारा 302 का मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।