बड़वानी शहर में चल रहे सीवरेज लाइन बिछाने के कार्य के चलते आए दिन पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। सोमवार को झंडा चौक स्थित शिव मंदिर के सामने खुदाई के दौरान एक बार फिर मुख्य पेयजल लाइन टूट गई। इससे क्षेत्र में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई। लगातार हो रही इस समस्या को लेकर स्थानीय प्रतिनिधियों ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया।
मुख्य पाइपलाइन टूटने की जानकारी मिलने पर वार्ड के भाजपा पार्षद प्रतिनिधि अमित उपाध्याय और प्रमोद गेहलोत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीवरेज कार्य कर रहे कर्मचारियों को गुलाब का गुलदस्ता देकर जल्द से जल्द पाइपलाइन को ठीक करने का निवेदन किया। उनका कहना था कि बार-बार इसी प्रकार पेयजल आपूर्ति बाधित होना जनता के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है।
सीवरेज कार्य कर रही टीम और जिम्मेदार अधिकारियों ने तुरंत सुधार कार्य शुरू करने और समस्या जल्द हल करने का आश्वासन दिया।
इस क्षेत्र में पिछले एक महीने से सीवरेज लाइन डालने का कार्य चल रहा है। इस दौरान कई बार पेयजल पाइपलाइन टूट चुकी है। बीते दिनों मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद पांच दिन तक दुरुस्ती न होने पर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने तीखा विरोध जताया था। नपा नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव समेत कई पार्षदों ने मोर्चा संभाला था, जिसके बाद मात्र ढाई घंटे में निगम द्वारा पाइपलाइन जोड़ दी गई थी। हालांकि सोमवार को सड़क की आगे की खुदाई के दौरान फिर एक नई पेयजल लाइन टूट गई, जिससे लोगों की नाराजगी एक बार फिर बढ़ गई।