सिंगरौली जिले की ग्राम पंचायत बिहरा अंतर्गत फटपानी टोला आज भी बुनियादी सड़क सुविधा से वंचित है। हैरानी की बात यह है कि यह टोला जिला मुख्यालय से महज 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद यहां रहने वाले करीब 60 परिवार आज तक पक्की सड़क का इंतजार कर रहे हैं। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों का जीवन बेहद कठिन हो गया है और हर दिन जोखिम भरा सफर उनकी मजबूरी बन चुका है।
केवल कच्चा और जर्जर रास्ता
फटपानी टोला तक पहुंचने के लिए केवल कच्चा और जर्जर रास्ता है, जो बरसात के मौसम में कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाता है। ऐसे हालात में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही हाथ लगे हैं। समस्या से परेशान होकर आज ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से शिकायत की और जल्द सड़क निर्माण की मांग रखी।
सफेद आश्वासन
स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व विधायक सुभाष वर्मा से भी सड़क निर्माण को लेकर मुलाकात की गई थी, जिन्होंने विधायक निधि से सड़क बनवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन काम शुरू नहीं हो सका। इसके बाद वर्तमान विधायक राजेंद्र मेश्राम से भी ग्रामीण मिले, जहां से भी उम्मीद बंधी, पर अब तक सड़क का सपना अधूरा है।
बच्चों की पढ़ाई पर असर
सड़क न होने का सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। बरसात में स्कूल जाना लगभग नामुमकिन हो जाता है। वहीं, किसी के बीमार होने पर उसे मुख्य सड़क तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। कई बार मरीजों को चारपाई या गोद में उठाकर ले जाना पड़ता है, जिससे हालात और भी भयावह हो जाते हैं।
इस पूरे मामले पर जिला पंचायत सिंगरौली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे से फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह विषय आज ही उनके संज्ञान में आया है। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि वास्तव में फटपानी टोला में सड़क नहीं है, तो जल्द से जल्द सड़क निर्माण के प्रयास किए जाएंगे।