1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. राज्यस्तरीय किसान सम्मेलन में शामिल हुए सीएम डॉ. यादव, बोले- किसान देश का भाग्य विधाता

राज्यस्तरीय किसान सम्मेलन में शामिल हुए सीएम डॉ. यादव, बोले- किसान देश का भाग्य विधाता

मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि किसान अपने खेतों में पराली जलाकर खेती को मत बिगाड़ना। हैप्पी सीडर से पराली का भूसा बनाकर गौशाला में देना और आने वाले समय में पराली से बिजली बनाएंगे। अब तो गेंहूं का दाम तो मिलेगा ही वहीं भूसे के भी दाम मिलेंगे।

By: Naredra 
Updated:
राज्यस्तरीय किसान सम्मेलन में शामिल हुए सीएम डॉ. यादव, बोले- किसान देश का भाग्य विधाता

दतियाः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘भांडेर’ जिला दतिया में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दतिया जिले के भांडेर में एक अनूठी मिसाल पेश की। विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ-साथ उन्होंने खेत में जाकर ट्रैक्टर पर बैठकर किसानों से सीधा संवाद किया।

62 करोड़ की 10 परियोजनाओं की दी सौगात

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 62 करोड़ रुपए से अधिक की 10 प्रमुख विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि सरकार किसानों, युवाओं और महिलाओं के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सीएम ने खेत में रुककर समझी आधुनिक तकनीक

मुख्यमंत्री जब हेलीकॉप्टर से बेरछ रोड स्थित हेलीपैड पर उतरे, तो मंडी प्रांगण जाते समय उन्होंने बिछरेटा गांव में एक किसान के खेत पर रुककर स्ट्रा रीपर मशीन को काम करते हुए देखा। उन्होंने खुद ट्रैक्टर पर बैठकर फसल प्रबंधन की बारीकियां जानीं और किसानों को पराली न जलाने तथा सुपर सीडर जैसी वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने का संदेश दिया।

किसान देश का भाग्य विधाता- डॉ. मोहन यादव

इस मौके पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जब हम किसानों के मेहनत की तरफ देखते हैं तो किसान अपना खून पसीना बहाकर सभी के लिए भोजन का प्रबंध करते हैं। उन्होंने किसानों को नमन करते हुए कहा कि खेत में जान की बाजी लगाकर मेहनत करता है। धरती माता की गोद में खेती करते हुए कई सदियां बीत गई, जबसे दुनिया में मानवता आई होगी तब से खेती के माध्यम से हमारे पुरखों ने अपना जीवन कुर्बान कर दिया। इसलिए इस देश का भाग्य विधाता कोई है तो वह किसान है। इसलिए धन्य-धान्य के देवता के रूप में बलराम को सिर माथे पर बिठाकर खेती किसानी का काम शुरू करते हैं।

केन-बेतवा जोड़ो अभियान से किसान को मिलेगा लाभ

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए साल में जब स्कूल खुलेंगे तो यशोदा माता योजना के तहत स्कूल के बच्चों को दूध का पैकेट दिया जाएगा। आज प्रदेश भर में 55 लाख हेक्टेयर में सिंचाई हो रही है। धीरे धीरे केन-बेतवा जोड़ो अभियान, पूरा बुंदेलखंड, सागर, पन्ना, दमोह समेत इससे जुडा हुआ उत्तर प्रदेश का हिस्सा लाभान्वित होगा। मध्यप्रदेश को देश का नंबर वन का राज्य बनाना है इसलिए लगातार काम कर रहे हैं।

पराली से भूसा बनाकर गौशालाओं में भेजने की अपील

मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि किसान अपने खेतों में पराली जलाकर खेती को मत बिगाड़ना। इसलिए किसान मेला आयोजित कर रहे हैं। हैप्पी सीडर से पराली का भूसा बनाकर गौशाला में देना और आने वाले समय में पराली से बिजली बनाएंगे। अब तो गेंहूं का दाम तो मिलेगा ही वहीं भूसे के भी दाम मिलेंगे।

इन परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण

सीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। इनमें पीजी कॉलेज दतिया में विज्ञान भवन व कैंटीन, संदीपनी उत्कृष्ट विद्यालय भांडेर, ततारपुर स्टेडियम, पुलिस लाइन में नया कार्यालय भवन, पंडोखर धाम व रामगढ़ माता मंदिर के पास विश्राम गृह शामिल हैं। इसके अलावा, रतनगढ़ माता मंदिर पर विद्युत उपकेंद्र और भांडेर में छात्रावास निर्माण का शिलान्यास भी किया गया।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...