1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP NEWS: CM डॉ. मोहन यादव का रैन बसेरे का औचक निरीक्षण

MP NEWS: CM डॉ. मोहन यादव का रैन बसेरे का औचक निरीक्षण

जरूरतमंदों को गर्म चाय पिलाई, ठंड से बचाव के लिए कंबल किए वितरित...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP NEWS: CM डॉ. मोहन यादव का रैन बसेरे का औचक निरीक्षण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार देर रात भोपाल के तलैया क्षेत्र स्थित यादगार-ए-शाहजहांनी पार्क में बने रैन बसेरे का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां ठहरे गरीबों, जरूरतमंदों, बेसहारा नागरिकों और राहगीरों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। मुख्यमंत्री ने स्वयं सभी को गर्मागर्म चाय पिलाई और कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरित किए, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली।

निरीक्षण से पूर्व मुख्यमंत्री पुलिस मुख्यालय के सामने लाल परेड ग्राउंड के गेट नंबर-4 शौर्य द्वार पहुंचे। यहां उपस्थित महिलाओं और बुजुर्गों से उन्होंने कुशलक्षेम पूछी और कंबल प्रदान किए। इसके बाद वे तलैया स्थित काली मंदिर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में मौजूद गरीबों और जरूरतमंदों को भी कंबल वितरित किए। मुख्यमंत्री से बातचीत में कुछ लोगों ने बताया कि वे सब्जी बेचने या आवश्यक कार्यों से भोपाल आए थे और रात हो जाने के कारण मंदिर परिसर में ठहरे हैं।

यादगार-ए-शाहजहांनी पार्क के रैन बसेरे में मुख्यमंत्री ने विश्राम कर रहे लोगों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। विश्रामकर्ताओं ने बताया कि यहां भोजन, विश्राम और ठंड से बचाव के लिए हीटर जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। अधिकतर लोगों ने आगे की यात्रा के लिए रात यहीं बिताने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री रैन बसेरे में ठहरे सुबोध जोसेफ से मिले, जिन्होंने कमर में तेज दर्द की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने भोपाल कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को सुबोध के समुचित इलाज और हरसंभव सहायता के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने रैन बसेरे में मौजूद सभी लोगों को चाय पिलाकर कंबल वितरित किए और शहर के सभी रैन बसेरों व आश्रय गृहों में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार गरीबों, जरूरतमंदों और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। तेज सर्दी के मौसम में कोई भी व्यक्ति असहाय न रहे, यही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गरीब कल्याण मिशन के तहत समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और किसी को भी सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री की इस संवेदनशील पहल से लाभान्वित जरूरतमंदों, बेसहारा नागरिकों और राहगीरों ने उनका आभार व्यक्त किया और आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर भोपाल की महापौर मालती राय, जिलाध्यक्ष रविंद्र यति, कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...