डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार, 1 जनवरी को मध्यप्रदेश शासन के वर्ष 2026 के शासकीय कैलेंडर का औपचारिक विमोचन किया। किसान कल्याण वर्ष 2026 के रूप में प्रकाशित यह कैलेंडर “समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश” की थीम पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने कैलेंडर की बहुरंगी, आकर्षक रूपरेखा और विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि इसका मुद्रित स्वरूप अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ प्रदेशवासियों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर वर्ष 2026 की शासकीय डायरी, शीट कैलेंडर और नोटबुक का भी विमोचन किया। वर्ष 2026 (विक्रम संवत 2082-83 और शक संवत 1947-48) के इस शासकीय कैलेंडर में 12 महीनों के पृष्ठों पर प्रदेश के प्रमुख आयोजनों, उपलब्धियों और आगामी लक्ष्यों को छायाचित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस कार्यक्रम में आयुक्त जनसंपर्क दीपक कुमार तथा नियंत्रक शासकीय मुद्रणालय चंद्रशेखर वालिंबे उपस्थित रहे।
जनवरी के पृष्ठ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा पी.एम. मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क, धार के शिलान्यास अवसर का चित्र प्रकाशित है, जो उद्योग और रोजगार के विस्तार का प्रतीक है।
फरवरी का पृष्ठ “डेयरी किसानों को नई उड़ान-दुग्ध कैपिटल बनेगा मध्यप्रदेश” के लक्ष्य को दर्शाता है। इसमें केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड एवं राज्य सरकार के बीच हुए सहकारिता अनुबंध का चित्र अंकित है।
मार्च के पृष्ठ पर होलिका उत्सव को जनजातीय परिवेश में पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ मनाते मुख्यमंत्री डॉ. यादव का चित्र है, जो जनजातीय समाज के सम्मान और पहचान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
अप्रैल का पृष्ठ “समृद्धि की अविरल धारा-नदी लिंक परियोजना” पर केंद्रित है। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की उपस्थिति में तापी बेसिन मेगा रीचार्ज परियोजना के एमओयू आदान-प्रदान का दृश्य है।
मई के पृष्ठ पर महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों के माध्यम से कृषि में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया है। जून 2026 के पृष्ठ पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय निषाद राज सम्मेलन का चित्र है, जो मछुआ समाज के सम्मान और सशक्तिकरण के संकल्प को दर्शाता है।
जुलाई में बहोरीबंद उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना के शुभारंभ का चित्र है, जिससे 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा। अगस्त का पृष्ठ जल गंगा संवर्धन अभियान को समर्पित है, जो सामूहिक जल संरक्षण का संदेश देता है। सितंबर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राही को घर की चाबी सौंपते हुए राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव का चित्र प्रकाशित है।
अक्टूबर का पृष्ठ “अन्नदाता को सरकार का साथ” के भाव को दर्शाता है, जहां मौसम की मार से प्रभावित किसान के प्रति सहानुभूति दिखाई गई है। नवंबर का पृष्ठ स्वदेशी अभियान में शिल्पियों और कारीगरों की भूमिका को रेखांकित करता है। दिसंबर का पृष्ठ भावांतर योजना पर केंद्रित है, जिसमें किसानों के खातों में राशि अंतरित करते मुख्यमंत्री डॉ. यादव का चित्र है।
शासकीय कैलेंडर के अंतिम पृष्ठ पर वर्ष 2027 के सभी 12 महीनों का समेकित चार्ट भी संलग्न किया गया है। वर्ष 2026 का शासकीय कैलेंडर मध्यप्रदेश सरकार की किसान कल्याण, जल-सिंचाई, महिला सशक्तिकरण, आवास, उद्योग और सामाजिक समावेशन की प्राथमिकताओं को सशक्त रूप से प्रस्तुत करता है और “समृद्ध किसान–समृद्ध प्रदेश” के विजन को साकार करने की दिशा में एक प्रतीकात्मक दस्तावेज बनकर सामने आया है।