1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शिवपुरी में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

शिवपुरी में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

शिवपुरी नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सीएमओ को ज्ञापन सौंपते हुए 24 घंटे में समाधान की मांग की है। कर्मचारियों ने ऑनलाइन हाजिरी समाप्त करने, समय पर वेतन और नियमितीकरण सहित कई मांगें रखी हैं तथा मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।

By: Nivedita 
Updated:
शिवपुरी में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। कर्मचारियों ने कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपने की बात कही है।

कई बार आश्वासन मिला, लेकिन नहीं हुआ समाधान

अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस की जिला शाखा के अनुसार कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन किए जा चुके हैं। संगठन का कहना है कि हर बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से आश्वासन तो मिला, लेकिन अब तक किसी भी प्रमुख मांग का समाधान नहीं किया गया। इसी कारण कर्मचारियों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

तय बैठक नहीं होने से बढ़ा कर्मचारियों का आक्रोश

कर्मचारियों का कहना है कि 8 जुलाई को सीएमओ के साथ हुई चर्चा में 15 जुलाई को बैठक कर सभी समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिया गया था। लेकिन निर्धारित तिथि पर बैठक नहीं हो सकी और सीएमओ कर्मचारियों से मिलने भी नहीं पहुंचे। इससे नाराज कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराते हुए ज्ञापन सौंपा।

 

ऑनलाइन हाजिरी खत्म करने समेत कई प्रमुख मांगें

ज्ञापन में कर्मचारियों ने ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था समाप्त करने, प्रत्येक माह 5 से 10 तारीख के बीच नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने तथा हाईकोर्ट और शासन के निर्देशों के अनुसार कर्मचारियों के नियमितीकरण सहित कई अन्य मांगें रखी हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि 24 घंटे के भीतर इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

प्रशासन के फैसले पर टिकी कर्मचारियों की अगली रणनीति

अब कर्मचारियों की निगाह प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकला तो नगर पालिका की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच जल्द बातचीत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

रिपोर्ट – कुलदीप गुप्ता

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...