भोपाल से मध्य प्रदेश सरकार से जुड़ी बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य मंत्री लखन पटेल से पशुपालन एवं डेयरी विभाग का प्रभार वापस ले लिया है। अब यह विभाग सीधे मुख्यमंत्री के अधीन रहेगा।
सरकार के इस फैसले के बाद राज्य मंत्री लखन पटेल के पास अब केवल आनंद विभाग की जिम्मेदारी रह गई है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं संभालेंगे।
इस बदलाव के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास कुल 11 विभागों का प्रभार हो गया है। इनमें सामान्य प्रशासन, गृह, जेल, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, विमानन, खनिज, लोक सेवा प्रबंधन, प्रवासी भारतीय और पशुपालन एवं डेयरी विभाग शामिल हैं।

विभाग में हुए इस बदलाव के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से इस निर्णय के पीछे कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आदेश के बाद विभागीय जिम्मेदारियों में यह परिवर्तन लागू हुआ है। अब पशुपालन एवं डेयरी विभाग से जुड़े सभी महत्वपूर्ण फैसले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्तर से लिए जाएंगे।