1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. Bhopal: नगरीय विकास परियोजनाएं ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य के अनुरूप हों- CM डॉ. मोहन

Bhopal: नगरीय विकास परियोजनाएं ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य के अनुरूप हों- CM डॉ. मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नमामि गंगे अभियान की तर्ज पर ‘नमामि नर्मदे परियोजना’ शुरू की जाए। इसके तहत नर्मदा नदी तट पर स्थित नगरीय बसाहटों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरणीय सुधार और उपचारित जल के पुन: उपयोग के लिए समग्र कार्ययोजना बनाई जाए।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
Bhopal: नगरीय विकास परियोजनाएं ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य के अनुरूप हों- CM डॉ. मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में सभी नगरीय विकास परियोजनाओं का क्रियान्वयन विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को केंद्र में रखकर किया जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नगरीय निकायों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने, निजी निवेश को प्रोत्साहित करने, सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग, अर्बन मोबिलिटी और ई-वाहनों को बढ़ावा देने पर प्राथमिकता से कार्य किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री यह निर्देश मंत्रालय में आयोजित मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड के संचालक मंडल की 11वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए दे रहे थे।

‘नमामि नर्मदे परियोजना’ पर कार्ययोजना बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नमामि गंगे अभियान की तर्ज पर ‘नमामि नर्मदे परियोजना’ शुरू की जाए। इसके तहत नर्मदा नदी तट पर स्थित नगरीय बसाहटों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरणीय सुधार और उपचारित जल के पुन: उपयोग के लिए समग्र कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी नगरीय निकायों में जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्थाओं के प्रति विशेष सतर्कता बरती जाए।

म.प्र. अर्बन डेवलपमेंट कंपनी में 4 स्वतंत्र व्यावसायिक प्रभाग गठित होंगे

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश के शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी में चार स्वतंत्र व्यावसायिक प्रभागों के गठन के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इनमें शामिल हैं-

  1. परिसंपत्ति प्रबंधन एवं पीपीपी (PPP) प्रभाग

  2. सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) प्रभाग

  3. शहरी गतिशीलता (Urban Mobility) प्रभाग

  4. नमामि नर्मदे, हरित एवं नदी संरक्षण प्रभाग

पीपीपी और परिसंपत्ति प्रबंधन से नगर निकाय होंगे आत्मनिर्भर

परिसंपत्ति प्रबंधन एवं पीपीपी प्रभाग के अंतर्गत नगरीय निकायों को आत्मनिर्भर बनाने, जनहित कार्यों में निजी निवेश बढ़ाने, वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने तथा नीति आयोग और अन्य विभागों से समन्वय को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही सोलर प्रोजेक्ट, ग्रीन बॉन्ड, अप्रयुक्त परिसंपत्तियों के वैकल्पिक उपयोग जैसे नवाचारों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

आईटी आधारित नागरिक सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

सूचना प्रौद्योगिकी प्रभाग के माध्यम से ई-नगर पालिका प्रणाली, सीसीटीवी एवं जीआईएस आधारित निगरानी, नागरिक सेवा प्लेटफॉर्म का उन्नयन, टोल कलेक्शन ई-पोर्टल और ऑनलाइन राजस्व संग्रहण जैसी स्मार्ट सिटी प्रणालियों का संचालन किया जाएगा।

शहरी गतिशीलता और ई-वाहनों पर विशेष फोकस

बैठक में बताया गया कि शहरी गतिशीलता प्रभाग के अंतर्गत मध्यप्रदेश ईवी पॉलिसी का प्रभावी क्रियान्वयन, मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब, रोपवे, मल्टी लेवल पार्किंग, पब्लिक साइकिल सर्विस, सिटी मोबिलिटी प्लान और ई-वाहन चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास पर कार्य किया जाएगा।

नर्मदा और तापी के समग्र विकास पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नर्मदा और तापी नदियों के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए इनके समग्र और सर्वांगीण विकास के लिए समन्वित कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नमामि नर्मदे परियोजना के सफल क्रियान्वयन में नगरीय विकास एवं आवास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, उद्योग, वन एवं पर्यावरण विभाग की अहम भूमिका होगी।

बैठक में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, संजय दुबे, दीपाली रस्तोगी, प्रमुख सचिव सुखबीर सिंह, पी. नरहरि, आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं आवास संकेत भोंडवे तथा कंपनी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...