सीहोर: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भैरुंदा (नसरुल्लागंज) क्षेत्र में पुलिस ने बंद ऋतु के दौरान अवैध रूप से मछली परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक सफेद रंग की टाटा सफारी से करीब दो क्विंटल मछली जब्त की है। मामले में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वाहन में अवैध रूप से मछली लाकर भैरुंदा क्षेत्र में पहुंचाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नीलकंठ रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें करीब दो क्विंटल मछली बरामद हुई। पुलिस ने वाहन चालक से परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने मछली और टाटा सफारी वाहन को जब्त कर लिया। वाहन चालक की पहचान भोपाल निवासी सरफराज खान के रूप में हुई है।
गौरतलब है कि 15 जून से 15 अगस्त तक मछलियों के प्रजनन काल को ध्यान में रखते हुए मछली पकड़ने और उसके परिवहन पर प्रतिबंध लागू रहता है। पुलिस ने संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।