ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती, 25 दिसंबर, के अवसर पर ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश – ग्रोथ समिट 2025’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विशेष उपस्थिति रही। दीप प्रज्वलन के साथ ग्रोथ समिट का शुभारंभ किया गया, जिसमें प्रदेश के औद्योगिक, अधोसंरचनात्मक और आर्थिक विकास को नई दिशा देने का संदेश दिया गया।
‘अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट 2025’ के अंतर्गत ग्वालियर जिले में ₹254.87 करोड़ की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, शहरी सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने रिमोट का बटन दबाकर ग्वालियर परिक्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (भवन/पथ) के अंतर्गत ₹361.90 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन, ₹288.61 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं को क्षेत्रीय विकास और आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के अंतर्गत आयोजित श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेला का भी रिमोट बटन दबाकर शुभारंभ किया। यह मेला स्थानीय व्यापार, हस्तशिल्प और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान अटल संग्रहालय में किए गए उन्नयन कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। यह संग्रहालय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
‘अभ्युदय मध्यप्रदेश – ग्रोथ समिट 2025’ के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि राज्य सरकार निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार के जरिए मध्यप्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित यह समिट विकास, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के उनके विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में देखा जा रहा है।
