मैहर में गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर आम आदमी पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर के घंटाघर क्षेत्र में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह और प्रदेश सह सचिव उमेश चौधरी ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों को लेकर विरोध जताया।

पार्टी नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही गैस सिलेंडर की कीमतों ने आम जनता की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। विशेष रूप से कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगे होने से छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

आम आदमी पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कमी की जाए और आम लोगों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी भविष्य में और बड़ा आंदोलन करेगी।