देश आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, गौरव और राष्ट्रभक्ति के साथ मना रहा है। इसी क्रम में दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय में गणतंत्र दिवस का भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और संविधान तथा राष्ट्र को नमन किया।
ध्वजारोहण के साथ ही राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के वातावरण में सराबोर हो गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश की एकता-अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्यों-न्याय, समानता और बंधुता-की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। साथ ही उन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की सुरक्षा के लिए निरंतर सजग रहने का आह्वान किया।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और सेवा भाव का प्रतीक बना। गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने देश को मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के संकल्प के साथ समारोह का समापन किया।