मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर देशभर में निकाली जा रही चार यूथ (एकता) यात्राओं में से नागपुर से प्रारंभ हुई यात्रा मध्यप्रदेश के कई जिलों से होकर गुजरेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रा के पूरे मार्ग पर गरिमा, गौरव और आत्मीयता के साथ भव्य स्वागत सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, रात्रि विश्राम, स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पौधरोपण और जनभागीदारी जैसी सभी व्यवस्थाओं की सूक्ष्म रूप से योजना बनाई जाए।
24 से 26 नवंबर के बीच मप्र में रहेगा यूथ यात्रा का प्रवास
नागपुर से निकलकर यह एकता यात्रा 24 नवंबर को पांढुर्ना जिले से मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। इसके बाद यह बैतूल, इंदौर, धार और झाबुआ से होते हुए 26 नवंबर को गुजरात के गोधरा जिले में प्रवेश करेगी।
डॉ. यादव ने कहा कि यात्रा के हर पड़ाव पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनसे युवाओं में सरदार पटेल के योगदान, राष्ट्रीय एकता और जनसेवा के प्रति प्रेरणा उत्पन्न हो।
स्थानीय स्तर पर होगी भव्य तैयारियाँ
खेल गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी जैसे आयोजनों की सुदृढ़ व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से इस आयोजन को सफल बनाएं।
डॉ. यादव बोले— व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से संवाद कर यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक युवाओं और खिलाड़ियों को इस यात्रा से जोड़ा जाए और पूरे प्रदेश में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
6 दिसंबर को केवड़िया में होगा विशाल सम्मेलन
सरदार पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में शुरू की गई चारों एकता यात्राएं नागपुर, जयपुर, दिल्ली, मुंबई से निकलकर 6 दिसंबर को केवड़िया में एक विशाल सम्मेलन में एकत्रित होंगी।
मध्यप्रदेश से गुज़रने वाली यूथ यात्रा का विस्तृत रूट चार्ट
इस यात्रा में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्रप्रदेश और महाराष्ट्र के लगभग 385 युवा शामिल होंगे। इनके साथ 11 बसें और 4 कारें यात्रा मार्ग में सहभागी रहेंगी।