NEET परीक्षा लीक मामले को लेकर मैहर में युवक कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया और जिला अध्यक्ष सौरभ शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और रेलवे स्टेशन की ओर कूच करते हुए ट्रेन रोकने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। रेलवे स्टेशन परिसर में पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात था।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के दौरान कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही, हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से हालात जल्द ही नियंत्रण में आ गए।
युवक कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET परीक्षा लीक मामले ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की।