मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि निष्कपट भक्ति और समर्पण की प्रतीक माता शबरी ने अपने चरित्र और सत्कर्मों से पूरे वनवासी व जनजातीय समाज का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने माता शबरी के जूठे बेर स्वीकार कर यह संदेश दिया कि ईश्वर कर्मकांड का नहीं, बल्कि भक्त के हृदय के भावों का सम्मान करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शहडोल जिले की सीतामढ़ी धाम में माता शबरी जयंती पर आयोजित जनजातीय हितग्राही सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी धाम परिसर में माता शबरी की भव्य प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि कोल समाज की कुल देवी शबरी मैया हम सभी के लिए आराध्य और पूजनीय हैं। उनके जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि व्यक्ति का मूल्य जन्म से नहीं, बल्कि हृदय की पवित्रता से तय होता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम गंधिया से शहडोल जिले को 747 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से 139 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 613 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 79 कार्यों का लोकार्पण और 134 करोड़ रुपये से अधिक के 60 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इस अवसर पर विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा 1450 किलोमीटर लंबे राम वन गमन पथ का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने मध्यप्रदेश की भूमि पर चित्रकूट सहित अनेक स्थानों पर वर्षों तक निवास किया। ग्राम गंधिया को भी राम वन गमन पथ विकास योजना में शामिल किया गया है, जिसके विकास के लिए लगभग 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ब्यौहारी में 30 बिस्तरीय अस्पताल के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही जयसिंहनगर में बायपास निर्माण और आमाडीह उप तहसील को परीक्षण उपरांत तहसील का दर्जा देने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी धाम को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की। साथ ही क्षेत्र में वन्य जीव पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संजय डूबरी टाइगर रिजर्व का एक प्रवेश द्वार ब्यौहारी की ओर खोलने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में प्रचुर मात्रा में उपलब्ध महुआ और कटहल आधारित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, रोजगार सृजन और निर्यात को प्रोत्साहन देने के लिए ब्यौहारी क्षेत्र में औद्योगिक विकास केंद्र स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय वर्ग का समग्र कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि पीएम जन-मन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं और जनजातीय नायकों की गौरव गाथाओं को शिक्षा पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है।
कार्यक्रम में डॉ. राजेश मिश्रा ने क्षेत्र को मिली विकास सौगातों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मनीषा सिंह और शरद जुगलाल कोल ने भी मुख्यमंत्री द्वारा किए गए विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, उपाध्यक्ष फूलवती सिंह, जनपद अध्यक्ष मालती सिंह व आकांक्षी सिंह, जिला योजना समिति सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सुरभि गुप्ता और डॉ. केदार सिंह सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।