राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि ब्लाइंड महिला टी-20 वर्ल्ड कप-2025 की विजेता टीम की बेटियां महिला सशक्तिकरण की सशक्त प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग महिला खिलाड़ियों की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल उनके अदम्य साहस और आत्मविश्वास को दर्शाती है, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा और गर्व का विषय भी है। दिव्यांगजनों की क्षमता और दृढ़ इच्छाशक्ति का यह उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसने मध्यप्रदेश सहित पूरे भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल सोमवार को भारतीय महिला (ब्लाइंड) क्रिकेट टीम की मध्यप्रदेश की खिलाड़ी सुषमा पटेल, सुनीता सराठे और दुर्गा येवले से लोकभवन में चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर राज्यपाल ने तीनों खिलाड़ियों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ उनके कोच का भी उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला (ब्लाइंड) क्रिकेट टीम ने 23 नवम्बर 2025 को कोलंबो में आयोजित ब्लाइंड महिला टी-20 वर्ल्ड कप-2025 के फाइनल मुकाबले में नेपाल को पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस विजेता राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले की सुनीता सराठे, दमोह जिले की सुषमा पटेल तथा बैतुल जिले की दुर्गा येवले जैसी प्रतिभावान खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राज्यपाल ने कहा कि इन बेटियों की सफलता यह संदेश देती है कि सीमित संसाधन या शारीरिक चुनौतियां कभी भी सपनों की उड़ान को नहीं रोक सकतीं। इनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।