बुरहानपुर में बीच बाजार स्थित शराब दुकान को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। स्कूल, मंदिर और रहवासी क्षेत्र के बीच खुले इस ठेके के खिलाफ क्षेत्रवासियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं और पुरुषों ने एकजुट होकर ठेकेदार के खिलाफ जमकर हंगामा किया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार बाजार क्षेत्र में खुलेआम शराब परोसी जा रही थी, जिसे देखकर स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। विरोध के दौरान भाजपा नेता वीरेंद्र तिवारी और शराब ठेकेदार आमने-सामने आ गए। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान को बंद करवा दिया गया।
प्रदर्शन में शामिल महिला संजीवनी महाजन ने स्पष्ट कहा कि स्कूल और मंदिर के पास शराब दुकान किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं लीलाबाई रतन भोई ने कहा कि यहां छोटे-छोटे बच्चे रहते हैं, ऐसे माहौल का उनके भविष्य पर गलत असर पड़ेगा। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि शराब के कारण परिवारों में विवाद बढ़ सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि शराब दुकान गांव से कम से कम 5 किलोमीटर दूर होनी चाहिए और वे किसी भी कीमत पर इसे यहां नहीं खुलने देंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ठेकेदार अमरीशपुरी ने निर्णय नहीं बदला, तो दुकान के सामने धरना देकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
शाहपुर थाना के एसआई लोवंशी ने बताया कि महिलाओं के हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी जा रही है और शराब दुकान की अनुमति की जांच की जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बुरहानपुर से संवाददाता राजवीर राठौर की रिपोर्ट