1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश सरकार के दो साल: स्कूली शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

मध्य प्रदेश सरकार के दो साल: स्कूली शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि अप्रैल में आयोजित प्रवेश उत्सव के बाद स्कूलों में एडमिशन में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी स्कूलों तक 100 प्रतिशत पाठ्यपुस्तकें समय पर पहुंचाई गईं।

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
मध्य प्रदेश सरकार के दो साल: स्कूली शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

मध्य प्रदेश सरकार के दो साल पूरे होने पर भोपाल में स्कूली शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने विभाग का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों और बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के प्रयासों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि अप्रैल में आयोजित प्रवेश उत्सव के बाद स्कूलों में एडमिशन में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी स्कूलों तक 100 प्रतिशत पाठ्यपुस्तकें समय पर पहुंचाई गईं।

रिपोर्ट कार्ड के मुताबिक, 94 हजार 300 छात्रों को लैपटॉप और 7 हजार 800 छात्राओं को स्कूटी वितरित की गई। वहीं, 24 प्रतिशत मिडिल स्कूल, 100 प्रतिशत कस्तूरबा गांधी विद्यालय और 84 प्रतिशत हायर सेकेंडरी स्कूलों को स्मार्ट क्लास में तब्दील किया जा चुका है। इसके अलावा 3 हजार 367 स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा शुरू की गई है।

मंत्री ने नई घोषणाएं करते हुए कहा कि प्रदेश के हर विकासखंड में बुक फेयर लगाए जाएंगे, जहां सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र कम दरों पर किताबें खरीद सकेंगे। साथ ही कक्षा 6 से 9 तक के शासकीय स्कूलों में निशुल्क किताबें दी जाएंगी। मिडिल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्रवेश की जिम्मेदारी अब सीधे प्राचार्यों को सौंपी जाएगी।

शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 32 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। छात्रावासों के लिए ऑनलाइन प्रबंधन सॉफ्टवेयर भी तैयार किया गया है। वहीं, 275 संदापिनी और 799 पीएम श्री विद्यालयों को मॉडल नई शिक्षा नीति स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है।सरकार का दावा है कि इन प्रयासों से प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार होगा और छात्रों को बेहतर भविष्य मिलेगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...