विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सासाराम सिविल कोर्ट परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुज कुमार जैन ने अन्य न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं के साथ मिलकर कोर्ट परिसर के भीतर और बाहर पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला जज अनुज कुमार जैन ने कहा कि सभी लोगों को समय-समय पर पौधारोपण करना चाहिए, जिससे आगे चलकर वे वृक्ष बनकर स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण प्रदान कर सकें। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
इस अवसर पर रोहतास जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। सचिव कुमार कृष्ण देव ने जानकारी दी कि सासाराम के अलावा डेहरी ऑन सोन और बिक्रमगंज स्थित कोर्ट परिसरों में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हर व्यक्ति को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। न्यायिक अधिकारियों ने इसे भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।