मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई। बैठक में लाडली बहना योजना की राशि बढ़ाने, ओंकारेश्वर एकात्म धाम परियोजना की लागत संशोधन, भगवान बिरसा मुंडा जयंती के राज्य स्तरीय आयोजन, और मांधाता में जिला न्यायालय खोलने के प्रस्तावों पर सहमति दी गई। बैठक के बाद सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कश्यप ने कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी दी।
लाडली बहना योजना की राशि बढ़ाई गई — अब 1500 रुपये हर माह
मध्य प्रदेश की लोकप्रिय लाडली बहना योजना के लाभार्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की गई है। अब महिलाओं को 1250 रुपये की जगह 1500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे। राज्य में वर्तमान में 1.26 करोड़ लाडली बहनें इस योजना का लाभ ले रही हैं।
अब तक सरकार द्वारा 44 हजार करोड़ रुपये की राशि इन लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 नवंबर को सिवनी से नई बढ़ी हुई राशि का ट्रांसफर करेंगे। मंत्री चेतन्य कश्यप ने बताया कि जो पात्र महिलाएं योजना में छूट गई हैं, उनके नामों को जोड़ने पर सरकार जल्द निर्णय लेगी।
भावांतर योजना को मिलेगा नया स्वरूप — किसानों को सीधे खाते में राशि
कैबिनेट ने किसानों के हित में भावांतर भुगतान योजना को और सशक्त किया है। अब राज्य सरकार ने 4036 रेट लागू करने का निर्णय लिया है। यह योजना प्रदेश में ‘रोल मॉडल स्कीम’ के रूप में लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री 13 नवंबर को देवास से किसानों के खातों में भावांतर की राशि ट्रांसफर करेंगे। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और कृषि क्षेत्र में आर्थिक स्थिरता आएगी।
मांधाता में खुलेंगे जिला न्यायालय, सात नए पद स्वीकृत
जनहित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कैबिनेट ने खंडवा जिले के मांधाता में जिला न्यायालय खोलने की मंजूरी दी। इसके लिए सात नए पद सृजित किए गए हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को न्यायिक सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।
भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर राज्य स्तरीय आयोजन
कैबिनेट ने निर्णय लिया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती को पूरे प्रदेश में राज्य स्तर पर मनाया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम जबलपुर और आलीराजपुर में होंगे, जिनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़ेंगे। राज्य के सभी जिलों में भी सांस्कृतिक और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ओंकारेश्वर एकात्म धाम परियोजना की संशोधित लागत को मंजूरी
कैबिनेट ने आदि शंकराचार्य को समर्पित ओंकारेश्वर एकात्म धाम परियोजना की पुनरीक्षित लागत को मंजूरी दी है। पहले इस परियोजना की लागत ₹2195 करोड़ थी, जिसे अब बढ़ाकर ₹2424.369 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
अर्थात परियोजना की लागत में ₹228 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। इस परियोजना के तहत आध्यात्मिक पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक एकता के उद्देश्य से व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं।
सभी सरकारी भवनों पर लगेंगे सोलर प्लांट
बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य के सभी शासकीय भवनों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। प्रारंभिक चरण में यह कार्य जिला मुख्यालय स्तर पर शुरू होगा, जहां प्रत्येक भवन पर 20 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित किए जाएंगे।इससे ऊर्जा खर्च में कमी आएगी और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ को 1 करोड़ का सम्मान
कैबिनेट बैठक में राज्य की महिला क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़ को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा भी की गई।
मंत्री चेतन्य कश्यप ने कहा कि सरकार प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सीएम मोहन यादव का गुजरात दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 नवंबर को गुजरात के केवड़िया जाएंगे। वहां आयोजित विशेष कार्यक्रम में वे शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के 70 कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
मध्य प्रदेश कैबिनेट की इस बैठक में लिए गए फैसले राज्य के महिलाओं, किसानों, युवाओं और श्रद्धालुओं सभी वर्गों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
एक ओर जहां लाडली बहना योजना की राशि बढ़ाकर महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण को बल दिया गया, वहीं दूसरी ओर ओंकारेश्वर एकात्म धाम जैसी परियोजनाएं राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को मजबूत करेंगी।