1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: पत्रकारिता और खेल का संगम लोकतंत्र को करता है मजबूत – CM डॉ. मोहन यादव

MP News: पत्रकारिता और खेल का संगम लोकतंत्र को करता है मजबूत – CM डॉ. मोहन यादव

भोपाल में 31वें आईईएस-डिजिआना इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: पत्रकारिता और खेल का संगम लोकतंत्र को करता है मजबूत – CM डॉ. मोहन यादव

डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पत्रकार साथियों की कलम की बाउंसर, शब्दों की गुगली और रिपोर्टर्स का रन रेट लोकतंत्र में चार चांद लगाता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश हमेशा से दमदार खिलाड़ियों और मजबूत पत्रकारों की धरती रहा है, जहां की पत्रकारिता ने देशहित में अपनी दिशा और दृष्टि से दिल्ली तक को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री रविवार को भोपाल खेल पत्रकार संघ द्वारा ओल्ड कैंपियन ग्राउंड पर आयोजित 31वें आईईएस-डिजिआना इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे।

साहित्य और पत्रकारिता की समृद्ध परंपरा का उल्लेख

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की पत्रकारिता परंपरा अत्यंत समृद्ध रही है। पंडित माखनलाल चतुर्वेदी और भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जैसे महान व्यक्तित्वों ने साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में जो योगदान दिया है, वह अनुकरणीय और वंदनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरक उदाहरण आज की पीढ़ी के पत्रकारों के लिए मार्गदर्शक हैं।

तीन दशक से निरंतर आयोजन, आत्मीयता की भी वर्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल खेल पत्रकार संघ पिछले तीन दशकों से इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट का निरंतर आयोजन कर रहा है। यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि पत्रकारों के बीच आपसी सौहार्द, आत्मीयता और सकारात्मक ऊर्जा का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वयं उनका इस टूर्नामेंट में आना भी एक तरह से हैट्रिक बन गया है, जो इस आयोजन से उनके भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है।

खेल और पत्रकारिता दोनों को मिला प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टूर्नामेंट को निरंतरता देने के लिए संघ के प्रयासों की सराहना की और सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा सिखाता है, वहीं पत्रकारिता लोकतंत्र की रीढ़ है-और जब दोनों का संगम होता है, तो समाज और भी सशक्त बनता है।

गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, वरिष्ठ पत्रकार मृगेंद्र सिंह, विजय दास, तेजेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, सामाजिक कार्यकर्ता राहुल कोठारी सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी, अधिकारी, पत्रकार और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...