दतिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-22 के उपचुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मतगणना कक्ष, निर्वाचन सामग्री वितरण एवं प्राप्ति स्थल का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए सभी प्रक्रियाओं को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मतदान एवं मतगणना से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने परिसर में पार्किंग व्यवस्था, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।

बरसात की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने परिसर में वॉटरप्रूफ टेंट और अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी तैयारियां पहले से कर ली जाएं, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। अधिकारियों को चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।