भोपाल: राजधानी भोपाल के रविन्द्र भवन में आयोजित “प्रतिभा सम्मान समारोह-2026” में शिक्षा, खेल, कला, साहित्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में एमपी बोर्ड और सीबीएसई के मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ खिलाड़ियों, चिकित्सकों, कलाकारों और साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। समारोह में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) के निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह और मनोवैज्ञानिक काउंसलर डॉ. मिनी मेहरा सहित कई गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने वाले युवा न केवल अपनी पहचान बनाते हैं, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा का सही उपयोग करते हुए देश और समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) व्यवस्था के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। इससे आम नागरिकों को सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रतिभा सम्मान समारोह के सफल आयोजन के लिए विधायक भगवानदास सबनानी की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। शिक्षा, खेल, कला और साहित्य जैसे क्षेत्रों में प्रतिभाओं का सम्मान समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करता है और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का अवसर देता है।