विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भोपाल महापौर मालती राय ने शहर के विकास और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी के कारण फ्लाईओवर और सड़कों का चौड़ीकरण आवश्यक है, और यदि विकास कार्यों में पेड़ बाधा बनते हैं तो उनकी भरपाई अन्य स्थानों पर पौधारोपण कर की जाएगी।
महापौर ने कहा कि ‘ग्रीन और क्लीन भोपाल’ का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब नागरिक भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नालों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें ताकि शहर स्वच्छ और सुंदर बना रहे।
महापौर ने बताया कि नगर निगम की टीम ने बारिश के दौरान रात 2 बजे तक काम कर मुख्य सड़कों की सफाई की। नालों की सफाई का अभियान 1 अप्रैल से ही शुरू कर दिया गया था, जिसके चलते कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति नियंत्रित रही।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना आवश्यक है। सरकार और नगर निगम दोनों मिलकर ऐसे प्रयास कर रहे हैं जिससे शहर का विकास भी हो और पर्यावरण भी सुरक्षित रहे।