भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज के युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और बुद्धिमत्ता के दम पर न केवल प्रदेश और देश, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। रविवार को भोपाल के रवींद्र भवन स्थित हंसध्वनि सभागार में आयोजित दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और प्रतिभाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन नवप्रयाग सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास समिति द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि एक सामान्य परिवार से निकलकर वैश्विक स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाना युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भारत ने वैक्सीन के माध्यम से देशवासियों के साथ-साथ अन्य देशों के लोगों की भी सहायता की। साथ ही डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) जैसी व्यवस्था से करोड़ों लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि निरंतर परिश्रम, अच्छे संस्कार और समय के सही उपयोग से मिलती है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं और उनका सम्मान दूसरों के लिए भी प्रेरणा बनता है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भोपाल की छात्रा चांदनी विश्वकर्मा का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने कक्षा 12वीं की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद देश की स्वतंत्रता को प्राथमिकता दी। युवाओं को उनके त्याग, राष्ट्रभक्ति और समर्पण से प्रेरणा लेकर समाज और देश के हित में कार्य करना चाहिए।
स्थानीय विधायक भगवानदास सबनानी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 10वीं और 12वीं में 85 प्रतिशत से अधिक तथा स्नातक और स्नातकोत्तर में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा खेल, साहित्य, कला, पत्रकारिता और अभिनय जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। इस वर्ष साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. वीणा सिन्हा, प्रीति खरे, ब्रजेश राजपूत और संजय मेहता को सम्मान मिला, जबकि खेल क्षेत्र में वाटर स्पोर्ट्स की खिलाड़ी आस्था मीणा सहित सृष्टि गुप्ता, श्रेया मिश्रा और शिवान सिंह सिसौदिया को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह युवाओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। शिक्षा, खेल, कला और सामाजिक क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी।