भोपाल । मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी UCC का विरोध दबाव की राजनीति के कारण कर रही है। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि समान नागरिक संहिता सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान कानून उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भाजपा विधायक ने UCC को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्य प्रदेश सरकार विधानसभा के मौजूदा सत्र में UCC विधेयक पेश करने की तैयारी में है।

रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी कुछ धार्मिक नेताओं के दबाव में UCC का विरोध कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का रुख ऐसी प्रथाओं के समर्थन जैसा है, जिन्हें भाजपा गलत मानती है। उन्होंने कहा कि UCC का उद्देश्य समाज में समानता और सभी वर्गों के लिए एक समान कानूनी व्यवस्था स्थापित करना है।
UCC को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी लगातार तेज हो रही है। अब राजनीतिक नजरें विधानसभा सत्र पर टिकी हैं, जहां सरकार की ओर से विधेयक पेश किए जाने और विपक्ष की प्रतिक्रिया को लेकर चर्चा तेज है।