बड़वानी में मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के सफल एवं पारदर्शी आयोजन के लिए तैयारियां पूरी रफ्तार से चल रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उत्कृष्ट स्कूल परिसर से परीक्षा सामग्री से लदी 8 बसों को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
प्रत्येक बस में 7 से 8 परीक्षा केंद्रों की सामग्री भेजी गई है। बसों में दो सुरक्षा गार्ड के साथ कलेक्टर प्रतिनिधि की निगरानी में सामग्री को रवाना किया गया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर सोहन कनास, सहायक आयुक्त डामोर, जिला शिक्षा अधिकारी शिला चौहान, उत्कृष्ट स्कूल प्रभारी प्राचार्य अनिल मिश्रा सहित ब्लॉक स्तर के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। अधिकारियों ने विधिवत प्रक्रिया के तहत प्रशासनिक मॉनिटरिंग में बसों को रवाना किया।
कलेक्टर प्रतिनिधि संयुक्त कलेक्टर कनास ने बताया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षा सामग्री सुरक्षित और समय पर सभी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा में 8,660 और 12वीं बोर्ड परीक्षा में लगभग 11,156 परीक्षार्थी शामिल होंगे। छात्रों की सुविधा और परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा, तकनीकी निगरानी और लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जा रही हैं।
एमपीबीएसई के अनुसार परीक्षा सामग्री में प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिकाएं, स्टीकर और अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। प्रत्येक बस में सामग्री को सील कर कड़ी निगरानी में भेजा गया है। साथ ही वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या चोरी की संभावना न रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुपरवाइजर, पर्यवेक्षक और पुलिस सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
छात्रों और अभिभावकों ने बोर्ड की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि समय पर परीक्षा सामग्री की सुरक्षित आपूर्ति और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सकेंगी।