प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह दिन में दूसरी बार बिहार दौरे पर पहुंचे। उन्होंने मुजफ्फरपुर में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने छठ पूजा को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि राजद और कांग्रेस के लोगों ने छठी मैय्या का अपमान किया है, जिसे बिहार कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व बिहार की आस्था, समरसता और मातृत्व का प्रतीक है। यह पर्व न केवल बिहार बल्कि पूरे देश और दुनिया में मनाया जाता है। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार छठ महापर्व को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल कराने के प्रयास में जुटी है। उन्होंने कहा, “छठ महापर्व हमारी संस्कृति की आत्मा है। इसे विश्व स्तर पर पहचान दिलाना हम सभी बिहारवासियों का गर्व होगा।”
राहुल गांधी के छठ पूजा संबंधी बयान पर तीखा प्रहार करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “राजद और कांग्रेस वाले छठी मैय्या की पूजा को ड्रामा और नौटंकी बता रहे हैं। जो माताएं और बहनें 36 घंटे निर्जला व्रत रखती हैं, सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं, उनकी श्रद्धा का अपमान किया गया है। क्या बिहार ऐसे लोगों को माफ करेगा?” उन्होंने जनता से पूछा कि क्या वोट पाने के लिए कोई धार्मिक आस्था का अपमान कर सकता है?
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की माताएं-बहनें इस अपमान को कभी नहीं भूलेंगी। उन्होंने कहा, “छठी मैय्या का अपमान केवल बिहार का नहीं, पूरे हिंदुस्तान का अपमान है। राजद-कांग्रेस वालों ने बिहार की संस्कृति को ठेस पहुंचाई है। अब बिहार इनको करारा जवाब देगा।”
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में एनडीए सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया और कहा कि राज्य में विकास, सुशासन और समरसता का नया दौर आने वाला है। उन्होंने कहा, “आपकी इतनी बड़ी भीड़ बता रही है कि बिहार में फिर से एनडीए सरकार बनने वाली है।”
अंत में पीएम मोदी ने कहा कि बिहार का गौरव बढ़ाना, उसकी संस्कृति और बोली को विश्वभर में पहचान दिलाना, एनडीए की प्राथमिकता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे लोगों को सबक सिखाएं जिन्होंने आस्था और संस्कृति का अपमान किया है।