नीमच जिले के मनासा क्षेत्र में पुलिस ने राष्ट्रीय गोरक्षा दल के सहयोग से गौवंश तस्करी के बड़े प्रयास को नाकाम कर दिया। देर रात मनासा–कंजार्डा मार्ग पर सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन के जरिए गोवंश की तस्करी की जा रही है। गौसेवकों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर पिकअप वहीं छोड़कर फरार हो गए।
एक आरोपी गिरफ्तार, 6 गोवंश सुरक्षित
सूचना मिलते ही मनासा पुलिस मौके पर पहुंची और गौसेवकों की मदद से घेराबंदी की। इस दौरान एक आरोपी अन्नू मेडा (निवासी झाबुआ) को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथी दिलीप मेडा के फरार होने की जानकारी मिली है, जिसकी तलाश जारी है।
पिकअप वाहन से 6 गोवंश को सुरक्षित छुड़ाकर गौशाला भेजा गया, जहां उनकी देखभाल की जा रही है।
कानवन क्षेत्र में बड़े स्तर पर होती है तस्करी
राष्ट्रीय गोरक्षा दल के जिला अध्यक्ष लोकेश नागदा ने बताया कि पकड़े गए गोवंश को धार जिले के समीप स्थित कानवन ले जाया जा रहा था, जो लंबे समय से गौतस्करी का प्रमुख मार्ग माना जाता है। यहां से बड़े पैमाने पर गोवंश की अवैध ढुलाई की जाती है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, फरार आरोपी की तलाश जारी
मनासा पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीमें फरार आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि गोवंश तस्करी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।