शिवपुरी में अवैध नशे के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन माल गोदाम रोड पर एक व्यक्ति स्मैक बेचने के इरादे से खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल पांडे निवासी लुधावली, थाना देहात शिवपुरी बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 15.98 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। उसके खिलाफ पहले से मारपीट, अवैध शराब और स्मैक बेचने जैसे कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।