पलेरा में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। टीकमगढ़ जिले में कलेक्टर विवेक श्रोतिय के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने उर नदी क्षेत्र में छापा मारते हुए अवैध खनन में उपयोग हो रही मशीनरी और वाहनों को जब्त किया।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि संजयनगर गांव के पास उर नदी से अवैध तरीके से रेत निकाली जा रही है। सूचना के बाद पलेरा तहसीलदार कुलदीप सिंह के नेतृत्व में राजस्व अमला मौके पर पहुंचा। टीम को देखते ही पोकलेन मशीन का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने अवैध उत्खनन में इस्तेमाल हो रही एक पोकलेन मशीन को कब्जे में लिया। वहीं मौके पर रेत भरने पहुंचे एक डंपर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई खसरा नंबर-1 क्षेत्र में की गई।
तहसीलदार कुलदीप सिंह ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य अवैध खनन गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाना है ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
राजस्व अधिकारियों ने जब्त किए गए सभी वाहनों को थाने में खड़ा करा दिया है। मामले की जांच की जा रही है और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार श्रीपत अहीरवार, आरआई और हल्का पटवारी सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।