1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. मध्यप्रदेश टेक्सटाइल सेक्टर नई उड़ान को तैयार, निवेश और रोजगार की असीम संभावनाएं – CM डॉ. मोहन

मध्यप्रदेश टेक्सटाइल सेक्टर नई उड़ान को तैयार, निवेश और रोजगार की असीम संभावनाएं – CM डॉ. मोहन

गुवाहाटी में राष्ट्रीय वस्त्र मंत्रियों के सम्मेलन में MP की निवेशक-अनुकूल नीति पर संवाद...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
मध्यप्रदेश टेक्सटाइल सेक्टर नई उड़ान को तैयार, निवेश और रोजगार की असीम संभावनाएं – CM डॉ. मोहन

CM डॉ. मोहन ने गुवाहाटी में सम्मेलन में कहा कि मध्यप्रदेश में ‘लोकमाता’ देवी अहिल्याबाई होलकर के काल से ही महेश्वरी और चंदेरी साड़ियों जैसी उत्कृष्ट रेशमी वस्त्र परंपरा को संरक्षण और प्रोत्साहन देने की समृद्ध विरासत रही है। इसी ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक उद्योग से जोड़ते हुए मध्यप्रदेश टेक्सटाइल सेक्टर में नई संभावनाओं के द्वार मध्य प्रदेश खोल रहा है।

माननीय केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में असम के गुवाहाटी में आयोजित वस्त्र मंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन में मध्यप्रदेश ने अपने टेक्सटाइल सेक्टर की निवेशक-फ्रेंडली नीति और औद्योगिक संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इस दौरान राज्य सरकार ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय टेक्सटाइल मेले में मध्यप्रदेश स्टेट पार्टनर की भूमिका निभाएगा।

केन्द्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत का वस्त्र उद्योग विकास, विरासत और नवाचार का ताना-बाना की थीम पर आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में भारत की वस्त्र उद्योग की शक्ति, नवाचार और समृद्ध विरासत को दर्शाती प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया। सम्मेलन में इंडिया टेक्सटाइल एटलस स्टेट कॉम्पेंडियम- 2025 का विमोचन हुआ।

चंदेरी-माहेश्वरी के साथ नर्मदापुरम सिल्क को नई पहचान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विश्वविख्यात चंदेरी और माहेश्वरी साड़ियों के साथ अब नर्मदापुरम का सिल्क भी प्रदेश की विशिष्ट वस्त्र पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है। उन्होंने बताया कि टेक्सटाइल मिल, पावरलूम, हैंडलूम, ऑर्गेनिक कॉटन और मैन-मेड फाइबर जैसे क्षेत्रों में मध्यप्रदेश तेज़ी से प्रगति कर रहा है। वर्ष 2026 तक प्रदेश वस्त्र उद्योग के क्षेत्र में एक नई उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार है।

पीएम मित्र पार्क से किसानों और युवाओं को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर धार जिला में पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास कर मध्यप्रदेश को ऐतिहासिक सौगात दी है। इस परियोजना से कपास उत्पादक किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

विरासत से विकास’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि “विरासत से विकास” के संकल्प के साथ हजारों वर्षों पुरानी भारतीय वस्त्र कला और परंपराओं को संरक्षित करते हुए उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार रोजगार सृजन से जुड़े टेक्सटाइल उद्योग जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता देकर उन्हें सशक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

निवेशकों के लिए मध्यप्रदेश बना आकर्षक गंतव्य

सम्मेलन के दौरान मध्यप्रदेश ने स्पष्ट किया कि यहां की नीतियां निवेश-अनुकूल, पारदर्शी और उद्योगों को बढ़ावा देने वाली हैं। टेक्सटाइल सेक्टर में उपलब्ध कच्चा माल, कुशल श्रम शक्ति और आधुनिक अधोसंरचना प्रदेश को देश के अग्रणी वस्त्र उत्पादक राज्यों की कतार में खड़ा कर रही है। मध्यप्रदेश अब परंपरा, तकनीक और निवेश के संगम के साथ भारतीय टेक्सटाइल उद्योग का नया केंद्र बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य देश के वस्त्र उद्योगों के समग्र विकास और विस्तार को गति देना है। इसमें पारम्परिक हथकरघा और हस्तशिल्प से लेकर आधुनिक टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स, तकनीकी वस्त्र (टेक्निकल टेक्सटाइल) और निर्यात संभावनाओं पर गहन मंथन होगा। साथ ही कपड़ा उद्योग में निवेश को प्रोत्साहन, रोजगार सृजन, नवाचार, कौशल विकास, आधुनिक मांग के अनुसार वस्त्र उत्पादन और राज्यों के बीच सहयोगात्मक मॉडल पर भी विचार-विमर्श होगा। सम्मेलन मध्यप्रदेश की वस्त्र उद्योग नीति, औद्योगिक अनुकूल वातावरण, निवेश अवसरों तथा राज्य में उपलब्ध संसाधनों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर है।

सम्मेलन में राज्यों के बीच परस्पर अनुभवों का आदान-प्रदान और वस्त्र क्षेत्र में नई साझेदारियों का मार्ग भी प्रशस्त होगा। यह सम्मेलन ‘मेक इन इंडिया-मेक फॉर इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी राष्ट्रीय नवाचारी पहलों को और मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे देश का वस्त्र उद्योग वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकेगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...