1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. MP News: “मध्यप्रदेश देश का सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला राज्य, निवेश के लिए सबसे अनुकूल”- अमित शाह

MP News: “मध्यप्रदेश देश का सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला राज्य, निवेश के लिए सबसे अनुकूल”- अमित शाह

‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’ से विकास का नया संदेश...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
MP News: “मध्यप्रदेश देश का सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला राज्य, निवेश के लिए सबसे अनुकूल”- अमित शाह

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर ग्वालियर के मेला मैदान में आयोजित ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’ से पूरे देश को विकास का स्पष्ट संदेश दिया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि रहे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई केंद्रीय और राज्य मंत्री मौजूद रहे।

“मध्यप्रदेश बना देश का सबसे तेज़ी से आगे बढ़ने वाला राज्य”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश आज देश का सबसे तेज़ी से विकास करने वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि कृषि, उद्योग, ऊर्जा, पर्यटन, स्वास्थ्य, खनन और आधारभूत ढांचे सहित लगभग हर क्षेत्र में राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है। पारदर्शी प्रशासन, आकर्षक नीतियां और स्पष्ट विजन के कारण ही मध्यप्रदेश को इस वर्ष देश में सर्वाधिक निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

अमित शाह ने कहा कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है और इसमें मध्यप्रदेश की भूमिका सबसे अहम होगी। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि “यहां रुपया लगाकर करोड़ों कमाए जा सकते हैं, क्योंकि मध्यप्रदेश निवेश के लिए सबसे उपजाऊ जमीन बन चुका है।”

2 लाख करोड़ से अधिक के निवेश कार्यों का भूमिपूजन

समिट के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की लागत से औद्योगिक और निर्माण इकाइयों का सामूहिक भूमिपूजन किया। इसके साथ ही 5,810 करोड़ रुपये की औद्योगिक एवं सड़क विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। सिंगल क्लिक के माध्यम से 860 औद्योगिक इकाइयों को 725 करोड़ रुपये की निवेश प्रोत्साहन राशि भी वितरित की गई। निवेशकों को आशय पत्र और भूमि आवंटन पत्र सौंपे गए।

ई-जीरो एफआईआर की शुरुआत, एमपी बना दूसरा राज्य

अमित शाह ने साइबर अपराधों से निपटने के लिए ई-जीरो एफआईआर प्रणाली की शुरुआत भी की। इस व्यवस्था को लागू करने वाला मध्यप्रदेश, दिल्ली के बाद देश का दूसरा राज्य बन गया है। उन्होंने इसे डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में बड़ा कदम बताया।

“अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि है अभ्युदय मध्यप्रदेश”

गृह मंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने देश को सुशासन, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और परमाणु शक्ति की राह दिखाई। आज उनके नाम पर आयोजित यह ग्रोथ समिट, उनके सपनों को आगे बढ़ाने की सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने ग्वालियर की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि हमेशा से देश को दिशा देने वाली रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले- निवेश, रोजगार और समावेशी विकास का नया मॉडल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निवेश, रोजगार और समावेशी विकास का नया मॉडल गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में 18 नई उद्योग-अनुकूल नीतियां, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, भरपूर संसाधन और पारदर्शी प्रशासन निवेशकों के लिए आदर्श माहौल तैयार कर रहे हैं। रिन्यूएबल एनर्जी, टेक्सटाइल, फार्मा, फूड प्रोसेसिंग, आईटी और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं।

उद्योग, रोजगार और आत्मनिर्भरता पर जोर

कार्यक्रम में उच्च रोजगार सृजन करने वाले उद्योगपतियों को सम्मानित किया गया और ‘विजन 2047’ पर आधारित औद्योगिक विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। समिट में जारी आंकड़ों के अनुसार, मध्यप्रदेश में 1,118 नई औद्योगिक परियोजनाओं से करीब 1.93 लाख रोजगार सृजित होंगे। अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट ने यह स्पष्ट कर दिया कि मध्यप्रदेश अब ‘बीमारू राज्य’ की छवि से बहुत आगे निकल चुका है। निवेश, उद्योग, रोजगार और सुशासन के दम पर राज्य देश के आर्थिक विकास में अग्रणी भूमिका निभाने की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...