गोपालगंज: आर्म्स एक्ट से जुड़े एक मामले में मोकामा विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह सोमवार को गोपालगंज सिविल कोर्ट पहुंचे। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों को जमानत दे दी, जिसके बाद उन्हें राहत मिली।
जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र में 2 मई को आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में अदालत ने अनंत सिंह और गुंजन सिंह को पेश होने का निर्देश दिया था। तय तारीख पर दोनों न्यायालय पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
दोनों के कोर्ट पहुंचने को देखते हुए सिविल कोर्ट परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई गई, ताकि किसी भी तरह की स्थिति से निपटा जा सके।
अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने विधायक अनंत सिंह और गुंजन सिंह को जमानत प्रदान कर दी। जमानत मिलने के बाद दोनों कोर्ट से बाहर आए, जहां मौजूद समर्थकों ने उनका स्वागत किया।

कोर्ट से बाहर निकलने के बाद विधायक अनंत सिंह ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा था और अदालत से राहत मिली है।
आर्म्स एक्ट से जुड़े इस मामले में फिलहाल दोनों को जमानत मिल गई है। वहीं, मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया न्यायालय के निर्देशों के अनुसार जारी रहेगी।