पन्ना जिले के अमानगंज नगर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 32 वर्षीय युवक ने मिढासन नदी के पुल से गहरे पानी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। युवक की पहचान सुशील सोनी, पिता कैलाश सोनी, निवासी वार्ड क्रमांक 8 के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद अमानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के दौरान युवक का मोबाइल फोन पुल पर लावारिस हालत में मिला। मोबाइल मिलने के बाद पुलिस ने नदी में युवक के कूदने की आशंका को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू कराई।
युवक की तलाश के लिए पन्ना से एसडीआरएफ की विशेष टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम नदी के गहरे पानी में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है। फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस के मुताबिक युवक ने किन परिस्थितियों में नदी में छलांग लगाई, इसका कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और युवक के परिजनों व आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल नदी में रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। युवक के मिलने के बाद ही घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।