भोपाल में भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय कैलाश सारंग की जयंती के अवसर पर मातृ-पितृ भक्ति दिवस का आयोजन किया गया। प्रभात चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने हिस्सा लिया और वृद्धजनों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनके चरण पखारे तथा आरती उतारी।

कैलाश सारंग की स्मृति में कायस्थ समाज द्वारा विभिन्न सामाजिक और जनसेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान जरूरतमंदों के लिए सेवा कार्यों के साथ-साथ कई स्थानों पर जनकल्याणकारी कार्यक्रम भी संचालित किए गए। भोपाल में समर्थकों ने शरबत वितरण कर लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया।
मातृ-पितृ भक्ति दिवस के अवसर पर नरेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में भी वृद्धजन सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें वरिष्ठ नागरिकों का स्वागत कर उनके अनुभवों और समाज के प्रति योगदान को सम्मानित किया गया।

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि समाज का प्रत्येक बुजुर्ग उनके लिए माता-पिता के समान है। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से इस दिवस को विशेष रूप से मनाया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी में माता-पिता और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत हो सके।
कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। मातृ-पितृ भक्ति दिवस से जुड़ा अभियान पूरे दिन चर्चा में रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने इस पहल का समर्थन किया।