प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद भारत-फिलीपींस द्विपक्षीय संबंधों को “रणनीतिक साझेदारी” के स्तर तक ले जाने की ऐतिहासिक घोषणा की। यह कदम दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, और समुद्री सहयोग जैसे क्षेत्रों में नई ऊर्जा और गहराई लाएगा। बातचीत में भारत-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता, सहयोग और सामरिक भागीदारी की आवश्यकता पर विशेष ज़ोर दिया गया।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और फिलीपींस इस वर्ष अपने कूटनीतिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, जो दोनों देशों के लिए गर्व और नए अवसरों का संकेत है। उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि हालांकि राजनयिक रिश्ते हाल के हैं, पर दोनों देशों की सभ्यताएं प्राचीन काल से एक-दूसरे से जुड़ी रही हैं।
प्रधानमंत्री ने फिलीपींस द्वारा भारतीय पर्यटकों को वीजा-मुक्त प्रवेश की अनुमति देने की सराहना की, और इसके जवाब में भारत द्वारा फिलीपींस नागरिकों को फ्री ई-वीज़ा सुविधा देने का एलान किया। साथ ही, दिल्ली और मनीला के बीच सीधी विमान सेवा शुरू करने की योजना की भी घोषणा की गई है।
प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि यह रणनीतिक साझेदारी न केवल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देगी, बल्कि व्यापक वैश्विक संदर्भ में भी भारत-फिलीपींस की भूमिका को सशक्त बनाएगी।