भोपाल। मध्य प्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिक विभाग ने कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की और सरकार से मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पूर्व सैनिक विभाग का आरोप है कि मई 2025 में महू के मानपुर में आयोजित एक जनसभा के दौरान विजय शाह ने भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित बयान दिया था। इस बयान के बाद मामला राजनीतिक और कानूनी विवाद का विषय बन गया था। कर्नल सोफिया कुरैशी ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना की ओर से देश के सामने महत्वपूर्ण जानकारी रखने वाली अधिकारियों में शामिल रही थीं। कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग का कहना है कि सेना की महिला अधिकारी को लेकर इस तरह की टिप्पणी सैन्य सम्मान और सैनिकों की गरिमा से जुड़ा गंभीर विषय है।
विवादित बयान के बाद मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रकरण सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां मामले की जांच को लेकर विशेष जांच दल यानी SIT का गठन किया गया।पूर्व सैनिक विभाग का कहना है कि न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ने के बावजूद मंत्री को पद पर बनाए रखना गंभीर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग ने केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार से मांग की है कि कुंवर विजय शाह को मंत्रिमंडल से हटाया जाए। साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच के आधार पर कानून के मुताबिक कठोर कार्रवाई की जाए।
पूर्व सैनिक विभाग ने कहा कि भारतीय सेना किसी राजनीतिक दल से जुड़ी संस्था नहीं है, बल्कि पूरे देश की सेना है। सैनिकों और सैन्य अधिकारियों ने देश की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इसलिए उनकी गरिमा और सम्मान से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं होना चाहिए।
पूर्व सैनिक विभाग ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पूर्व सैनिक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करेंगे। विभाग ने कहा कि सेना के सम्मान और उसकी गरिमा से जुड़े इस मुद्दे को लेकर वह अपनी आवाज आगे भी मजबूती से उठाता रहेगा।