सारण जिले में बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से सारण तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तटबंध की स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था और संभावित संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी ली।
अधिकारियों ने सारण तटबंध के करीब किमी 40.00 से किमी 80.00 तक विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान तटबंध की मौजूदा स्थिति और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान पानापुर, तरैया, अमनौर और मकेर प्रखंडों में चिन्हित आश्रय स्थलों का भी जायजा लिया गया। साथ ही जरूरत पड़ने पर लोगों के लिए सामुदायिक किचेन संचालित करने के लिए चयनित स्थानों की व्यवस्थाओं को भी देखा गया। इस दौरान संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल छपरा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
निरीक्षण में सारण तटबंध फिलहाल सुरक्षित पाया गया। हालांकि संभावित कटाव वाले संवेदनशील स्थानों को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि आक्रम्य स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में सैंड बैग और अन्य कटावरोधी सामग्री पहले से उपलब्ध रखी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
प्रशासन द्वारा तटबंधों की निगरानी के साथ-साथ संभावित प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव से जुड़े इंतजामों को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।