भोपालः कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को भोपाल दौरे पर रहे। किसान चौपाल को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका से देश बेचने की डील कर दी है। उन पर एपस्टीन और अडाणी के केस का दबाव है, इस वजह से उन्होंने हिंदुस्तान और किसानों का डेटा अमेरिका को बेच दिया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया। वे चीनी घुसपैठ के मामले पर बात रखना चाहते थे।

राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने लोकसभा में पूर्व आर्मी चीफ नरवणे की बात रखी थी, उन्होंने अपनी किताब में लिखा है कि जब चीनी घुसपैठ हुई थी तो उन्हें भारत सरकार ने अकेला छोड़ दिया था। प्रधानमंत्री ने लोकसभा से निकलते ही ट्रंप को फोन किया और बिना कैबिनेट से सलाह लिए डील के लिए तैयार होने की बात कह दी।

सरकार ने अमेरिकी कंपनियों को भारत में सोया, कपास और भुट्टा बेचने की छूट देने की तैयारी कर ली है, जिससे भारतीय किसानों को नुकसान होगा। अमेरिका से ट्रेड डील दबाव और धमकी के कारण की गई है। एपस्टीन फाइल और अडाणी से जुड़े मामलों की वजह से सरकार झुकी है।

अमेरिकी डील से भारत को कोई फायदा नहीं हुआ। भारत को ज्यादा टैक्स देना पड़ेगा और हर साल अमेरिका से भारी मात्रा में सामान खरीदना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका से कपास और अन्य सामान सस्ते में आएंगे, तो भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री और स्थानीय उद्योग कमजोर हो जाएंगे।