बड़वानी में भीषण जलसंकट को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय वार्डवासियों ने नगर पालिका कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। जल आपूर्ति की समस्या से नाराज लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कारंजा चौराहा से मटका फोड़ यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग और महिलाएं शामिल हुईं। महिलाएं सिर पर मटके रखकर नगर पालिका पहुंचीं और जल संकट के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
नगर पालिका पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने “नगर पालिका हाय-हाय” और “जल व्यवस्था सुधारो” जैसे नारे लगाए। करीब आधे घंटे तक परिसर में हंगामा चलता रहा और अधिकारियों से जल समस्या को लेकर सवाल-जवाब किए गए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पर्याप्त संसाधन होने के बावजूद शहर में पानी की आपूर्ति ठीक से नहीं हो रही है। वहीं नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि विद्युत लाइन में खराबी के कारण जल आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसे ठीक कर दिया गया है और अब सभी वार्डों में नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी गई है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं प्रशासन ने स्थिति सामान्य होने और जल आपूर्ति बहाल होने का दावा किया है।