भोपाल । मध्य प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने UCC के मुद्दे पर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार इस विषय पर लोगों को गुमराह कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
आरिफ मसूद ने कहा कि प्रस्तावित UCC में अनुसूचित जनजाति (ST) समुदाय को दायरे से बाहर रखने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि इससे आदिवासी समाज को भी सरकार की मंशा को समझने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मुस्लिम समुदाय का नाम लेकर आदिवासी समाज को निशाना बनाने की राजनीति कर रही है।
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आरिफ मसूद ने कहा कि देश की जनता जागरूक है और वह संविधान के प्रति जवाबदेह है। उन्होंने कहा कि आम लोग किसी के बहकावे में आने वाले नहीं हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों को अच्छी तरह समझते हैं।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि सरकार पहले भी कई बड़े वादे कर चुकी है, लेकिन उनमें से कई अब तक पूरे नहीं हो सके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के मूल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए UCC जैसे विषयों को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश में UCC को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। सरकार जहां इसे समान अधिकार और समान कानून की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बता रही है, वहीं विपक्ष इसके विभिन्न प्रावधानों और सरकार की मंशा पर सवाल उठा रहा है।