1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. CM डॉ. मोहन यादव का सतना दौरा: जिले को मिलेंगी 652 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं

CM डॉ. मोहन यादव का सतना दौरा: जिले को मिलेंगी 652 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं

अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण, मेडिकल कॉलेज में 650 बिस्तरीय अस्पताल का भूमिपूजन...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
CM डॉ. मोहन यादव का सतना दौरा: जिले को मिलेंगी 652 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 27 दिसंबर को सतना जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कई कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे और जिले को 652 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। इन परियोजनाओं से सतना के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

आईएसबीटी और धवारी क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 31 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी), सतना का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही 8 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए धवारी क्रिकेट स्टेडियम के नवनिर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं से यातायात व्यवस्था और खेल अधोसंरचना को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

आईएसबीटी परिसर में भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम

आईएसबीटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सतना शहर में 168 लाख 33 हजार रुपये की लागत के 6 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही 484 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित 6 बड़े विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी करेंगे।

मेडिकल कॉलेज में 650 बिस्तरीय अस्पताल का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शासकीय मेडिकल कॉलेज, सतना में आयोजित कार्यक्रम में 383 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 650 बिस्तरीय नवीन चिकित्सालय भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। इस अस्पताल के निर्माण से विंध्य क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ा विस्तार मिलेगा और गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

विंध्य व्यापार मेले में सहभागिता

मुख्यमंत्री सतना में आयोजित विंध्य व्यापार मेला के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और मेले में लगाए गए विभिन्न स्टालों का भ्रमण करेंगे। यह मेला स्थानीय व्यापार, उद्योग और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 4:50 बजे सतना एयरपोर्ट से विमान द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...