मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर इंदौर पहुंचे। विमानतल पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है, जहां सालभर के भीतर दो शहरों-इंदौर और भोपाल-में मेट्रो सेवा का संचालन शुरू हो गया है। यह उपलब्धि प्रदेश को आधुनिक शहरी परिवहन की दिशा में अग्रणी बना रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर और भोपाल मेट्रो के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को जोड़कर दोनों को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए संगठित और भविष्य-उन्मुख प्लानिंग की जा रही है, ताकि बढ़ते शहरीकरण की जरूरतों को पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन 2047 को ध्यान में रखते हुए प्रदेश योजनाओं को तीव्रता से आगे बढ़ा रहा है। साल 2047 तक देश की आधी आबादी शहरी क्षेत्रों में होगी, इसलिए अभी से लंबी अवधि की योजनाएं बनाना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने आगे कई महत्वपूर्ण आगामी योजनाओं की जानकारी दी, जिनमें शामिल हैं-
23 दिसंबर को बैतूल और धार में दो नए मेडिकल कॉलेजों का शुभारंभ
कटनी और पन्ना में मेडिकल कॉलेजों की सौगात जल्द
25 दिसंबर को ग्वालियर में दो लाख करोड़ रुपये की औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य, उद्योग और शहरी विकास के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। सरकार का लक्ष्य हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
विमानतल पर मुख्यमंत्री का स्वागत बीजेपी सांसद शंकर लालवानी, विधायक मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, पार्टी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और प्रवक्ता दीपक जैन टीनू सहित अन्य नेताओं ने किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हुए।